वॉशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज व्हाइट हाउस में इराक के नए प्रधानमंत्री अली अल-जैदी से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह अल-जैदी की पहली विदेश यात्रा है।
इराकी प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अल-जैदी एक सप्ताह के दौरे पर अमेरिका पहुंचे हैं। इस दौरान वह अमेरिकी अधिकारियों और तेल व ऊर्जा क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य अमेरिका के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाना, नए निवेश लाना, बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं में अमेरिकी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाना और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करना है।
माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच इराक में सक्रिय हथियारबंद समूहों और अमेरिकी सैनिकों की वापसी के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।
यात्रा से पहले अल-जैदी ने कहा था कि उनकी सरकार देश में हथियार रखने का अधिकार केवल सरकार के पास सुनिश्चित करना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि इराक क्षेत्रीय संघर्षों में शामिल होने के बजाय विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहता है।
इराक सरकार ने सशस्त्र समूहों को अपने हथियार सौंपने के लिए सितंबर के अंत तक की समय-सीमा तय की है। यह फैसला अमेरिका के नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय गठबंधन के मिशन के समाप्त होने के साथ जुड़ा हुआ है।
आपकी टिप्पणी